नालंदा: नालंदा के थरथरी थाना इलाके के शेखपुरा गांव में देर रात एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। आनन-फानन में परिजनो ने उसे सदर अस्पताल पहुंचाया जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला के परिजन ने बताया कि आरती देवी की शादी 2017 में हुई थी। आरती का एक चार साल का बेटा और एक दो साल की बेटी है।

मृतक महिला की पहचान शेखपुरा डीह गांव निवासी देवा यादव का पत्नी आरती देवी के रूप में हुई है। आरती का पति उत्तर प्रदेश में रहकर काम किया करता है। घटना के समय भी पति परदेश में था। जानकारी मिलने के बाद पति वापस घर लौट आया है। मौत की जानकारी मिलने के बाद मृतक महिला के मायके वाले आनन-फानन में बेटी के ससुराल पहुंचे जहां देखा कि महिला के पास थाली में खाना रखा था और महिला वहीं पर गिरी हुई थी।

इधर,घटना की जानकारी मिलने के बाद थरथरी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। इस मामले में ससुर को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने गांव पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

आसपास के लोगों से पूछताछ में यह पता चला कि महिला की तबीयत खराब होने के कारण मौत हुई है,जबकि महिला के परिजनों का कहना है कि उसे खाने में प्वाइजन खिलाकर हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जाँच में जुटी हुई है।