
तिरुवनंतपुरम : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को चुनावी माहौल वाले केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में भव्य रोड शो किया। यह रोड शो थंपानूर ओवरब्रिज से शुरू होकर पुथरिकंडम मैदान तक पहुंचा। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, कुछ की आधारशिला रखी और कुछ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड का शुभारंभ किया गया और एक लाख लाभार्थियों को पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण वितरित किए गए।

सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज पूरा देश “विकसित भारत” के लक्ष्य को हासिल करने के लिए एकजुट होकर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को पाने में शहरों की भूमिका बेहद अहम है, इसी वजह से बीते 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने शहरी बुनियादी ढांचे पर बड़े स्तर पर निवेश किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार शहरी गरीबों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। पीएम आवास योजना के तहत देशभर में चार करोड़ से ज्यादा गरीब परिवारों को पक्के मकान दिए गए हैं। इनमें से एक करोड़ से अधिक घर शहरी गरीबों के लिए बनाए गए हैं। केरल में भी करीब सवा लाख शहरी गरीब परिवारों को पक्का मकान मिला है। उन्होंने आगे बताया कि गरीब परिवारों का बिजली बिल कम करने के उद्देश्य से पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना शुरू की गई है। आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। महिलाओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए मातृ वंदना जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं। साथ ही केंद्र सरकार ने 12 लाख रुपये तक की आय को टैक्स फ्री कर दिया है, जिससे केरल सहित पूरे देश के मध्यम वर्ग और नौकरीपेशा लोगों को बड़ा लाभ मिला है।




