
ओडिशा : पुरी के जगन्नाथ मंदिर को लेकर सोशल मीडिया पर बम धमकी मिलने के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को सामने आए एक फेसबुक पोस्ट में न केवल जगन्नाथ मंदिर को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी, बल्कि बीजद के राज्यसभा सांसद सुभाषिश खुंटिया और पुरी के एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पर हमले की बात भी कही गई थी। धमकी के बाद मंदिर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं। अधिकारियों ने कहा कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं।

दरअसल,ओडिशा के पवित्र धाम पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया था। विश्व प्रसिद्ध इस 12वीं सदी के मंदिर की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद की गई है। धमकी भरी सूचना मिलने के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और मंदिर परिसर के भीतर व बाहर निगरानी बढ़ाई गई है। सूत्रों के अनुसार, धमकी मिलने के बाद जिला पुलिस और मंदिर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई कर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड की मदद से मंदिर के आसपास के संवेदनशील इलाकों की जांच की गई । हालांकि, श्रद्धालुओं के दर्शन पर कोई रोक नहीं लगाई गई है, लेकिन मंदिर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गहन तलाशी ली गई।






