वेब डेस्क कोलकाता /
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकारी संपत्ति को बचाने की मुहीम ने देश के कई राज्यों को नसीहत दी है | सरकारी संपत्ति के नुकसान को लेकर अब सरकारी अमला भी वसूली के लिए कमर कसता नजर आने लगा है | ताजा मामला पश्चिम बंगाल के विभिन्न रेल मंडलों से जुड़ा है |
संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ हुए देश व्यापी हिंसक प्रदर्शनों के दौरान अकेले पश्चिम बंगाल में रेलवे को 80 करोड़ रुपए की संपत्ति का नुकसान पहुंचा है | इसकी भरपाई रेलवे बोर्ड विरोध – प्रदर्शन के दौरान आगजनी-हिंसा में शामिल उपद्रवियों से करेगा | रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष विनोद कुमार यादव के अनुसार सीएए विरोध प्रदर्शन में देशभर में पूर्व रेलवे को सबसे ज्यादा 70 करोड़ और उत्तर – पूर्व सीमांत रेलवे को 10 करोड़ का नुकसान हुआ है | उनके मुताबिक नुकसान के मामले में साउथ-ईस्टर्न रेल दूसरे नंबर पर है | उन्होंने कहा कि देश में पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुई | बंगाल के मालदह जिले के लालगोला रेलवे स्टेशन पर 5 खाली ट्रेनों में आग लगा दी गई थी | यादव ने कहा की इसकी भरपाई हिंसा में लिप्त लोगों से ही की जाएगी | गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के तहत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदर्शनों के दौरान सरकरी संपत्ति के नुकसान का आकलन कर वसूली के लिए उपद्रवियों को नोटिस जारी किया था |