बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा ऐलान करते हुए आशा और ममता कार्यकर्ताओं की मानदेय राशि में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि नवंबर 2005 में सरकार बनने के बाद से राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में कई बड़े कदम उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से आशा और ममता कार्यकर्ताओं की भूमिका को सराहा, जिन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की अंतिम पंक्ति तक पहुंच सुनिश्चित की है। इसी योगदान को सम्मान देते हुए उनके प्रोत्साहन राशि में वृद्धि की गई है।
अब आशा कार्यकर्ताओं को पहले के 1000 रुपये की जगह 3000 रुपये प्रतिमाह प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं, ममता कार्यकर्ताओं को प्रति प्रसव 300 रुपये की जगह अब 600 रुपये की राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बढ़ोतरी से न केवल इन कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी।
इस ऐलान को चुनावी दृष्टिकोण से भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि यह सरकार की स्वास्थ्य सेवा पर प्राथमिकता और जमीनी कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन देने की रणनीति को दर्शाता है। उम्मीद की जा रही है कि इससे बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और कार्यकर्ताओं को लंबे समय से चली आ रही मांग का सकारात्मक जवाब मिला है।
