
नितिन नबीन ने शनिवार को असम के श्रीभूमि में आयोजित जनसभा में भाजपा-एनडीए की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि सभा में उमड़ी भीड़ इस बात का संकेत है कि राज्य में प्रचंड बहुमत की सरकार बनने जा रही है।
कांग्रेस शासन पर साधा निशाना
नितिन नबीन ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में असम को अपराध का गढ़ बना दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय लोगों को रोटी के लिए भटकना पड़ता था, रोजगार के अवसर नहीं थे और महिलाओं व जमीन की सुरक्षा भी सुनिश्चित नहीं थी।
विकास कार्यों का किया जिक्र
उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में असम ने तेज विकास किया है। सड़क, बिजली और रोजगार जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
बराक वैली में बदले हालात
बराक वैली का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले यह क्षेत्र उपेक्षा और भेदभाव का शिकार था, लेकिन अब ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के जरिए यहां विकास की रफ्तार तेज हुई है और सुविधाएं लोगों तक पहुंच रही हैं।
सरकारी योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं
नितिन नबीन ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत असम में 22 लाख गरीबों को पक्के घर दिए जा चुके हैं और 15 लाख और मकान बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि अरुणोदय योजना के तहत लाभार्थियों को अब 3,000 रुपए की सहायता राशि दी जाएगी, जिससे गरीब परिवारों को आर्थिक मदद मिलेगी।
महिला सशक्तीकरण पर जोर
नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है। उनकी सुरक्षा और आर्थिक मजबूती के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।
रोजगार के अवसर बढ़ाने का दावा
भाजपा नेता ने कहा कि सरकार ने 2 लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। साथ ही नए उद्योग स्थापित करने वालों को 5 लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता देने की योजना भी बनाई गई है।
पूर्व यूपीए सरकार पर भी हमला
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व यूपीए सरकार के समय सड़कों का निर्माण नहीं किया गया और सुरक्षा के नाम पर विकास कार्यों को रोका गया। इसके विपरीत, वर्तमान सरकार ने सीमावर्ती क्षेत्रों तक सड़कें बनाकर देश की सुरक्षा को मजबूत किया है।
एक चरण में होगा मतदान
भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, असम की सभी 126 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा।






