मुंबई वेब डेस्क / मुंबई अलर्ट पर है | चक्रवाती तूफान निसर्ग की रफ्तार को देखते हुए समुद्र किनारे लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है | निचली बस्तियों और समुद्र किनारे स्थित आबादी को अलर्ट कर दिया गया है | जबकि अलीबाग इलाके में हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया है | मुंबई में कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित मरीजों को अन्य अस्पतालों में दाखिल कराया गया है | ताकि स्वास्थ्य सेवाएं तूफान से प्रभावित ना हो पाए | निसर्ग तूफान आज महाराष्ट्र के पालघर और मुंबई में समुद्र तट से टकरा सकता है |

मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवाती तूफान के हवा की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच चुकी है | उसने अंदेशा जाहिर किया है कि समुद्र तट से टकराने के दौरान हवा की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है | मौसम विभाग ने मुंबई में हाई टाइड के आने की संभावना जताई है |

विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार रात 9:48 बजे मुंबई में हाई टाइड की चेतावनी दी गई है | निसर्ग तूफान के दौरान 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी हवाएं और समंदर में उठने वाली 6 फीट ऊंची लहरें मुंबई को फिर से पानी-पानी कर सकती हैं| इधर, तूफान से पहले गुजरात और महाराष्ट्र के कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई है|

मुंबई मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवाती तूफान अलीबाग से 95 किलोमीटर और मुंबई से 150 किलोमीटर दूर है| IMD के मुताबिक यह दोपहर 3 बजे तक 120 किलोमीटर की रफ्तार से समुद्र तट से टकरा सकता है | तूफान के समय 6 फीट ऊंची लहरें उठ सकती हैं| हालांकि, मुंबई निसर्ग की मुसीबत से निपटने के लिए तैयार है| 80 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है |

एनडीआरएफ की 20 टीमें संवेदनशील इलाकों में तैनात की गई हैं| इसमें मुंबई में 8 टीमें, रायगढ़ में 5 टीमें, पालघर में 2 टीमें, थाने में 2 टीमें, रत्नागिरी में 2 टीमें और सिंधूदुर्ग में 1 टीम की तैनाती है| वहीं, कुछ टीमों को स्टैंडबाई पर रखा गया है|

मुंबई के अलावा तूफान का कहर गुजरात तक हो सकता है | अहमदाहाद में जमकर बारिश हो रही है| गुजरात के नवसारी के आसपास के समंदर में तो ऊंची ऊंची लहरें भी उठनी शुरू हो गई हैं गुजरात में चक्रवाती तूफान निसर्ग से निपटने की तैयारियों के बीच, वलसाड और नवसारी जिला प्रशासनों ने राज्य के तटीय क्षेत्रों में स्थित 47 गांवों से करीब 20 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है| मौसम विभाग ने मंगलवार को संकेत दिया कि हो सकता है कि चक्रवाती तूफान गुजरात तट पर न पहुंचे| हालांकि इसका प्रभाव तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं और भारी बारिश के रूप में सामने आ सकता है |

गुजरात में प्रशासन ने चार तटीय जिलों से 78,000 लोगों को निकालने का काम शुरू कर दिया है | राहत आयुक्त हर्षद पटेल ने गांधीनगर में संवाददाताओं से कहा कि एनडीआरएफ के 13 और एसडीआरएफ के 6 दलों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है | उन्होंने कहा कि वलसाड, सूरत, नवसारी और भरुच जिले में रहने वाले 78,971 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है|

भारत में लगातार एक से बढ़कर एक तूफान समुद्र तटों का रुख कर रहे है | दो हफ्ते में देश को दूसरे समुद्री तूफान का सामना करना पड़ रहा है | पहले अम्फान ने पश्चिम बंगाल और ओडिशा में तबाही मचाई थी |
