नई दिल्ली। आर्थिक सुस्ती को देखते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारत की मौजूदा स्थिति को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया इस वक्त आर्थिक सुस्ती से जूझ रही है और भारत भी इससे अछूता नहीं है लेकिन स्थिति दूसरे देशों से बेहतर हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंदी को समझने की जरूरत है।
वित्त मंत्री ने आगे कहा कि सुधार एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है और देश में लगातार आर्थिक सुधार हुए हैं। इतना ही नहीं भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया के दूसरे देशों के मुकाबले बेहतर है। मंदी की जो समस्याएं सामने आ रही है उसके लिए अमेरिका और चीन के बीच का ट्रेड वॉर जिम्मेदार है।
वित्त मंत्री ने कहा कि आर्थिक सुधारों की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है | इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) भरना पहले से काफी आसान हुआ है | जीएसटी को भी और आसान बनाया जाएगा | उन्होंने कहा कि कई देशों की तुलना में हमारी विकास दर भी काफी अच्छी है |
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि सरकार पर आरोप लगते हैं कि टैक्स को लेकर लोगों को परेशान किया जा रहा है | हम टैक्स और लेबर कानूनों में लगातार सुधार कर रहे हैं | टैक्स नोटिस के लिए केंद्रीय सिस्टम होगा और टैक्स के लिए किसी को परेशान नहीं किया जाएगा | वित्त मंत्री ने कहा कि 1 अक्टूबर से केंद्रीय सिस्टम से नोटिस भेजे जाएंगे | जिससे टैक्स उत्पीड़न की घटनाओं पर रोक लगेगी |
