
भोपाल / मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पार्टी से अगल पड़ते दिखाई दे रहें हैं। दरअसल दिग्विजिय सिंह के भाजपा और आईएसआई के बीच संबंधों को लेकर की गई टिप्पणी पर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पीएल पुनिया ने असहमति जताई है। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने जिस आधार पर इतना बड़ा बयान दिया है, इसके सूत्र और सबूत वहीं बताएंगे।
गैर मुसलमान कर रहे ISI के लिए जासूसी-दिग्विजय
दिग्विजय सिंह ने मप्र के भिंड में कहा था कि बीजेपी और बजरंग दल आईएसआई से पैसा ले रहे हैं, इस पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा ”एक बात और बताऊं पाकिस्तान की आईएसआई के लिए मुसलमान कम गैर मुसलमान ज्यादा जासूसी कर रहे हैं।” मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए सिंह ने कहा कि देश की गिरती अर्थव्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार जिम्मेदार है।
दिग्विजय सिंह के बयान पर बजरंग दल ने तल्ख टिप्पणी दी है | पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक सोहन सोलंकी ने दिग्विजय के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है | एक कार्यक्रम में सोलंकी ने कहा, दिग्विजय ने जो भिंड में कहा मैं उसकी निंदा करता हूं और उनकी बात का खंडन भी | सोलंकी ने कहा कि बजरंग दल का कोई कार्यकर्ता देश विरोधी गतिविधियों में शामिल नहीं हो सकता | बजरंग दल के साथ देशभर के 40 लाख युवा जुड़े हैं | यह देश में सबसे बड़ा युवा संगठन है | उन्होंने कहा, दिग्विजय सिंह को यह बात समझ नहीं आ सकती क्योंकि उनके दिल में हिंदू विरोधी मानसिकता वर्षों से जमी हुई है |