रायपुर / रायपुर में ललित महल होटल में नव वर्ष की रात जमकर हंगामा हुआ | यहां नए साल की मौज-मस्ती के लिए बड़े स्तर की पार्टी आयोजित की गई थी | इस पार्टी में बतौर डांसर साऊथ अफ्रीका के कलाकारों की शिरकत करने का दावा किया गया था | इसके अलावा मुंबई के म्यूजिशियन और कई कलाकारों के द्वारा इस शाम को रंगीन बनाने के बड़े बड़े पोस्टर-विज्ञापन जारी किये गए थे | बताया जाता है कि इंफ्रारेड इवेंट कंपनी ने इस कार्य्रकम के पास और टिकट पांच-पांच हजार रूपये में बेचे | मंगलवार की रात तयशुदा कार्यक्रम के तहत ढाई हजार से ज्यादा लोग मंदिर हसौद रोड स्थित होटल ललित महल पहुंचे थे | हजारों की तादाद में दर्शको ने उस ओर रुख किया जहां कार्य्रकम आयोजित किया गया था | लेकिन जैसे ही उनकी निगाहे स्टेज पर पड़ी , उनके पैरों तले जमीन खिसक गई | स्टेज खाली था और उसमे अँधेरा छाया हुआ था | साउंड सिस्टम के कर्मचारी अपना सिस्टम उतार रहे थे | दूसरी ओर खाने और पीने के स्टॉल में मारा-मारी मची थी | दर्शक आयोजक और होटल ललित महल के मालिकों को बुरी तरह से फटकार रहे थे | हालांकि दोनों का दूर-दूर तक अता पता नहीं था | दर्शकों की दलील थी कि उन्होंने ललित महल होटल का नाम और साख देखकर हजारों की टिकट खरीदी थी | लेकिन उनके साथ धोखाधड़ी हुई | बताया जाता है कि आयोजकों ने तीन हजार से ज्यादा पास बेचे थे |
रात्रि के 9 बजते ही होटल ललित महल में लगे खाने पीने के स्टालों और स्टेज पर कई लोगों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी | दरअसल ना तो खाने पीने के स्टाल में आयोजकों के दावों के अनुरूप भोजन था और ना ही शराब का कोई बंदोबस्त किया गया था | पीडितों के मुताबिक पांच हजार रूपये की टिकट खरीदने पर उसमे अनलिमिटेड ड्रिंक्स और डिनर का वादा किया गया था | लेकिन टेबल पर पीने का पानी तो दूर ना तो खाना था और ना ही ड्रिंक्स | अब तक दर्शकों को एहसास हो गया था कि उनके साथ सुनियोजित धोखाधड़ी की गई है | दर्शकों का गुस्सा सातवे आसमान पर था | दरअसल पीड़ितों ने 10 और 20 हजार रूपये तक खर्च करके कपल पास खरीदे थे | लिहाजा उन्होंने स्टॉल में जो मिला उस पर हाथ साफ़ करना शुरू कर दिया | ताकि उनकी खर्च की गई रकम के एवज में कुछ तो वसूली हो | पीड़ित दर्शकों ने अपनी गाड़ियों में थाली-प्लेट , ग्लास , टिसू पेपर और ऐसे ही कई सामानों को अपने कब्जे में किया | आयोजकों के खिलाफ उनका गुस्सा उबल रहा था |
मौके पर पुलिस कर्मी भी मौजूद थे | लेकिन होटल ललित महल के मुख्य दरवाजे के बाहर | दर्शकों ने उन्हें आपबीती सुनाई | पुलिस कर्मियों ने धोखाधड़ी का शिकार दर्शकों को स्थानीय थाने में FIR दर्ज करने की हिदायत दी | दर्शकों के मुताबिक NEW YEAR FIESTA 2020 के लिए पहले टिकट और पास सामान्य कीमत पर बेचे गए | लेकिन मांग बढ़ते ही आयोजकों ने उसकी कीमत भी बढ़ा दी | उन्होंने नकद भुगतान पर जोर दिया , ना कि कैशलेस ट्रांजेक्शन के लिए | जानकारी लेने पर पता पड़ा कि आयोजकों ने सुनियोजित रूप से दर्शकों के साथ धोखाधड़ी करने की साजिश रची थी | न्यूज टुडे छत्तीसगढ़ की टीम ने आयोजकों के अलावा होटल ललित महल के भागीदारों से इस बारे में बातचीत करने की कोशिश की | लेकिन दूर दूर तक दोनों का पता ठिकाना नहीं मिला | इनसे संबंधित मोबाइल नंबर भी बंद पाए गए | फ़िलहाल धोखाधड़ी के शिकार दर्शकों ने आयोजकों के साथ साथ होटल ललित महल के संचालकों के खिलाफ भी आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है |