
उत्तर प्रदेश : बाराबंकी जिले में शुक्रवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। माफिया मुख्तार अंसारी से जुड़े बताए जा रहे पूर्व ब्लॉक प्रमुख शोएब उर्फ बॉबी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार, शोएब लखनऊ से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार देवा रोड स्थित असेनी मोड़ के पास पहुंची, पहले से घात लगाए बदमाशों ने वाहन को घेर लिया। इसके बाद हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कई राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे शोएब गंभीर रूप से घायल हो गए।

फायरिंग की आवाज से हाईवे पर अफरातफरी मच गई। राहगीर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शोएब को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। जांच के तहत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। शुरुआती जांच में पुलिस इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जता रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच की जा रही है।






