रिपोर्टर – मनोज सागर
भोपाल / मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर को कांग्रेस लापता बता रही है | उसका आरोप है कि लॉक डाउन में जरुरत के समय सांसद गायब है और जनता उनकी राह तक रही है | पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक पीसी शर्मा ने सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को कथित तौर पर लापता करार दिया है। शर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी के इतने अहम समय में जब लोगों को उनकी सेवाओं की सबसे ज्यादा जरूरत है, तो वह मैदान से लापता है। उनका ऐसा लापता होना अत्यधिक दुर्भाग्यपूर्ण है।

पीसी शर्मा ने कहा कि यह वास्तव में दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब कोरोना संकट के दौर में लोगों को खाने, चिकित्सा सहायता और ई-पास आदि के लिए निर्वाचन क्षेत्र में उनकी मदद की जरूरत है तो ऐसे में वह भोपाल से गायब हैं।

उन्होंने कहा कि भोपाल की जनता ने उनको बड़े अंतर से विजयी बनाया और लोगों को उनसे बहुत उम्मीदें हैं लेकिन वास्तव में यह बेहद दुखद है कि वह इतने अभूतपूर्व संकट की घड़ी में वह कहीं दिखाई नहीं दे रही हैं।

हालांकि भोपाल के पूर्व सांसद और प्रज्ञा के करीबी आलोक संजर ने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से ख़ारिज किया है | उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि पीसी शर्मा को उनके बारे में कोई जानकारी नहीं हैं। उनके मुताबिक सांसद प्रज्ञा ठाकुर अपने स्वास्थ्य मामलों के चलते दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती हैं।

ये भी पढ़े : स्वयं के वाहन से अंतर्राज्यीय आवागमन के लिए अब E-Pass एप्लीकेशन गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध, ई-पास के लिए वेबसाईट में भी है सुविधा
संजर ने बताया कि प्रज्ञा ने बुधवार को ख़राब स्वास्थ के बावजूद पार्टी नेताओं की कोविड-19 के संबंध में बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हिस्सा लिया था। इसमें वह स्वयं (संजर) भी मौजूद थे। संजर ने कांग्रेस को ऐसे मामलों में राजनीति ना करने की सलाह दी |