
हरिद्वार : उत्तराखंड में इन दिनों चारधाम यात्रा की धूम है,बाबा केदारनाथ,बद्रीनाथ,गंगोत्री और यमुनोत्री में आम भक्तों के अलावा सैलानियों ने डेरा डाला हुआ है| बर्फ की चादर से ढके इस इलाके में लोग उस वक्त हैरत में पड़ गए जब उन्होंने भूकंप के हल्के झटके महसूस किए | जानकारी के मुताबिक,रुद्रप्रयाग जिले में आज शनिवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए है। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.06 मापी गई है। भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत है,जबकि भूकंप की खबर फैलते ही दूसरे अन्य इलाको में भी लोग सतर्क हो गए है|

जानकारी के मुताबिक,आज सुबह रुद्रप्रयाग में उस समय हड़कंप मच गया,जब कई लोग ब्रह्म स्नान और मंदिरों में प्रातः कालीन आरती में जुटे थे| भूकंप के झटके महसूस होते ही कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। देखते ही देखते सड़कों पर लोगों का ताँता लग गया | कई सैलानी भी होटल से बाहर नज़र आए | उनके मुताबिक,सुबह 5:02 बजे भूकंप के एक से अधिक झटके महसूस किए गए थे।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने इसकी पुष्टि करते हुए जानकारी दी है,कि भूकंप का केंद्र रुद्रप्रयाग से करीब 10 किलोमीटर पूर्व में था। इसकी गहराई धरती से लगभग 10 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई। उसके मुताबिक,झटके करीब 10 से 15 सेकंड तक महसूस किए गए। हालांकि, अभी तक किसी बड़े जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।

उधर,देवभूमि में यात्री मार्गों और सुविधाओं को जुटाने का काम जोरों पर है,दर्जनों पहाड़ी मार्गों से बर्फ हटाने का काम चौबीसों घंटे जारी है| यही नहीं,विभिन्न धार्मिक आयोजनों के लिए यात्री सुविधाओं का विस्तार करने के साथ-साथ मेडिकल सुविधाएँ भी बढ़ाई गई है| चारधाम यात्रा सुगम और सरल हो, इसके लिए स्थानीय प्रशासन ने अपनी टीम पहाड़ों पर उतार दी है|फिलहाल,देवभूमि में भूकंप के झटके कोई नई बात नहीं है,लेकिन चारधाम यात्रा से पूर्व भूकंप की दस्तक से कई लोगों की सांसे फूली हुई है|




