देशभर में मानसून अब पूरी रफ्तार पकड़ चुका है और खासतौर पर उत्तर भारत में मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं। उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में झमाझम बारिश ने तापमान को नीचे ला दिया है और लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। वहीं, बिहार और पश्चिम बंगाल में भी बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया है।
हालांकि, दिल्लीवासियों को अब भी मानसून का इंतजार है, लेकिन मौसम विभाग का अनुमान है कि 25 जून तक राजधानी में भी बारिश दस्तक दे सकती है। इसके बाद भारी बारिश का सिलसिला शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
देश के दक्षिण और पूर्वोत्तर हिस्सों में भारी बारिश का दौर लगातार जारी है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश जैसे राज्यों में तेज बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
उत्तर प्रदेश और बिहार में पिछले कुछ दिनों में अच्छी बारिश हुई है, जिससे खेतों में नमी आई और किसानों के चेहरे खिल उठे। वहीं, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में मानसून के आगमन ने पहाड़ों पर घूमने पहुंचे पर्यटकों को ठंडक का अहसास कराया।
मौसम विभाग ने गुजरात, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पूर्वी यूपी और अंडमान में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में भी 25 जून तक मूसलाधार बारिश जारी रहने की संभावना है।
उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी जून के अंत तक भारी बारिश का अलर्ट है। कुछ जिलों में स्कूल बंद किए जा सकते हैं।
देशभर में मानसून के सक्रिय होने से मौसम में ठंडक आई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। उत्तर भारत में मानसून अब धीरे-धीरे पूरे प्रभाव में आ रहा है।
