पनवेल, नवी मुंबई। शनिवार देर रात पनवेल के ‘नाइट राइडर्स’ डांस बार में मनसे कार्यकर्ताओं ने जमकर तोड़फोड़ मचाई। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के दर्जनों कार्यकर्ता बार में घुसे और फर्नीचर, शराब की बोतलें तोड़कर पूरे परिसर को तहस-नहस कर दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
मनसे कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह कार्रवाई उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमि पर अश्लीलता फैलाने के खिलाफ की है। एक स्थानीय मनसे नेता ने कहा, “यह पवित्र भूमि है, यहां डांस बार जैसे संस्थानों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
यह हमला राज ठाकरे के एक बयान के कुछ ही घंटों बाद हुआ, जिसमें उन्होंने रायगढ़ जिले में तेजी से बढ़ रहे डांस बारों को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि “शिवाजी महाराज की राजधानी में इस तरह के कारोबार नहीं चलने दिए जाएंगे।”
पुलिस जांच में जुटी
पनवेल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना के CCTV फुटेज और गवाहों के बयान एकत्र किए जा रहे हैं। फिलहाल, किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि “कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।”
मनसे की पुरानी छवि फिर चर्चा में
यह पहली बार नहीं है जब मनसे कार्यकर्ता हिंसक विरोध के चलते सुर्खियों में आए हों। हाल ही में कल्याण में मनसे नेता द्वारा एक गेमिंग सेंटर कर्मचारी को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल हुआ था। अब पनवेल की यह घटना मनसे की विवादित छवि को और गहरा करती है।
