
बिलासपुर : बिलासपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में रीडर के रिटायरमेंट के बावजूद भी पिछले दरवाज़े से उसकी तैनाती को लेकर बवाल मचा हुआ है | जिले के कई थानेदार इस रीडर की उचित-अनुचित मांगो को लेकर परेशान बताए जाते है | उनके मुताबिक,सेवानिवृत्त हो चुका स्टेनो पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अभी भी ना केवल जस की तस तैनात है,बल्कि शासकीय बुलेट नंबर CG 03 7996 पर सवार हो कर उनके थानों से लेकर घरों तक दस्तक दे रहा है | यह भी बताया जाता है,कि सेवानिवृत्त इस रीडर को तमाम सरकारी सुविधाएं भी मुहैया कराई जा रही है | जबकि,पुलिस अधीक्षक कार्यालय में वैधानिक तौर पर असली रीडर कौन है ? इसे लेकर गहमा-गहमी भी देखी गई है | सूत्र तस्दीक करते है,कि रिटायर स्टेनो बृज बिहारी साहू अपनी कुर्सी छोड़ने को तैयार नहीं है| जबकि,उनके स्थान पर एक अन्य आरक्षक हृदय नारायण चंद्रौल दैनिक कामकाज़ संभाल रहे है |

जानकारी के मुताबिक,प्रभारी स्टेनो हृदय नारायण चंद्रौल को ना तो कभी पुलिस लाइन कार्य और ना ही थाने में पुलिसिंग का कोई तर्जुबा है | लिहाज़ा उसकी कमजोरी का फायदा उठाते हुए रिटायर स्टेनो बृज बिहारी साहू अपनी कुर्सी छोड़ने तक को तैयार नहीं । बताया जा रहा है,कि 2 माह पूर्व,जनवरी महीने में साहू रिटायर हो चुके है,लेकिन उनकी अवैध उगाही अभी भी जारी है |
एक शिकायत के मुताबिक,विभागीय ट्रांसफर पोस्टिंग हो या फिर थानेदारों की शिकायते ? रिटायर स्टेनो अभी भी दिलचस्पी लेकर ऐसे मामलो को लेन-देन कर निपटाने पर ज़ोर दे रहे है | सूत्र यह भी तस्दीक करते है,कि मामले की शिकायतों से कई पीड़ितों ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत भी कराया था | लेकिन,पिछले दरवाजे से वसूली गैंग की सेवाएं यथावत जारी है | शिकायत में कहा गया है,कि पुलिस विभाग में प्रशासनिक कसावट लाने के लिए रिटायर स्टेनो का कार्यालय में अनुचित प्रवेश निषेध किया जाना चाहिए |







