पणजी:- गोवा विधानसभा चुनाव में भाजपा द्वारा जारी लिस्ट में उत्पल पर्रिकर का नाम नहीं था। विधानसभा चुनाव लिए 34 कैंडिडेट्स की ज़ारी भाजपा की लिस्ट में पणजी से टिकट न मिलने से नाराज गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल ने भाजपा छोड़ दी है। पार्टी ने यहां से बाबुश मोनसेराटे को टिकट दिया है, जो हमेशा मनोहर पर्रिकर के विरोधी रहे थे। इस घटना पर अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि गोवा की जनता भाजपा की यूज एंड थ्रो पॉलिसी से दुखी है। पर्रिकर परिवार के साथ भी उन्होंने ऐसा ही किया। भाजपा की लिस्ट जारी होते ही आम आदमी पार्टी ने उत्पल पर्रिकर को अपने टिकट पर पणजी से लड़ने का ऑफर दिया था। पर वे पणजी सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ेंगे।

उत्पल पर्रिकर पहले ही साफ़ कह चुके थे कि, वे पिता की सीट ‘पणजी’ से चुनाव लड़ना चाहते हैं। भाजपा ने उत्पल को दो अन्य सीटों से चुनाव लड़ने का ऑफर दिया था, पर उन्होंने इसे ठुकरा दिया। इस पर प्रतिक्रिया करते हुए महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि हमें लगा था कि उत्पल हमारा ऑफर स्वीकार कर लेंगे। भाजपा ने हमेशा ही मनोहर पर्रिकर जी के परिवार को सम्मान दिया है। उम्मीद है कि कोई विद्रोह नहीं होगा।