
Ujjain Mahashivratri Darshan: उज्जैन में महाशिवरात्रि की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, इस बार 10 लाख से भी ज्यादा भक्तों के आने की संभावना है, ऐसे में प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया है. मंदिर में दो दिन पहले से ही सभी व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं. बताया जा रहा है कि रात में 2 बजकर 30 मिनट पर ही कपाट खुल जाएंगे और करीब 44 घंटे तक भक्तों को बाबा महाकाल के दर्शन मिलेंगे. गूगल मैप की मदद से इस बार सभी व्यवस्थाएं संभाली जा रही हैं, जहां रूट को नियंत्रित किया जाएगा, साथ ही पार्किंग के लिए भी व्यवस्थाओं को बनाया जा रहा है.

उज्जैन में महाशिवरात्रि के मौके पर महाकालेश्वर मंदिर दर्शन व्यवस्था भी बनाई जा रही है. जिसके लिए मंदिर प्रशासन के मुताबिक इस बार सामान्य श्रद्धालुओं 40 मिनट में दर्शन कराए जाएंगे, जबकि 250 रुपए का टिकट लेने वाले भक्तों को 25 रुपए में दर्शन मिलेंगे. मंदिर में दर्शन के लिए सामान्य श्रद्धालु नृसिंह घाट से कतार में लगना शुरू होंगे, जहां 8 कतारों में भक्तों को बाबा के दर्शनों तक पहुंचाया जाएगा. इसी तरह दूसरी कतारों से 250 रुपए का टिकट लेने वाले भक्तों को दर्शन दिए जाएंगे. बाबा महाकाल महाशिवरात्रि पर रविवार को भगवान महाकाल निराकार स्वरूप में दर्शन देंगे, जहां सुबह 6 बजे दूल्हे के रूप में बाबा का श्रृंगार होगा और बारात निकलेगी.

वहीं महाशिवरात्रि के मौके पर होने वाली भस्म आरती में केवल परमिशन वाले श्रद्धालुओं को ही एंट्री दी जाएगी, जबकि जिन्हें अनुमति नहीं होगी, वे भक्त चलती भस्म आरती के दर्शन कर सकेंगे,क्योंकि महाशिवरात्रि पर्व पर भक्तों की लाइन रात से ही लगनी शुरू हो जाएगी, जहां भक्त शक्ति पथ से निकलते हुए नंदी द्वार से महाकाल लोक पहुंचेंगे और फिर मानसरोवर होते हुए बाबा महाकाल के दर्शनों के लिए जाएंगे.

उज्जैन में सुरक्षा व्यवस्था सख्त हो चुकी हैं, बाबा महाकाल मंदिर के आसपास करीब 1500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जबकि सभी प्रमुख मार्गों पर मंदिर का रास्ता बनाए जाने के संकेतक भी लग रहे हैं. इसके अलावा मंदिर परिसर के आसपास भी सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी. वहीं शहर में भी लोगों को परेशानियां न हो इसका ध्यान रखा जाएगा, जिससे शहर में ट्रैफिक की व्यवस्थाएं अभी से संभालने के निर्देश दिए गए हैं.







