
महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों के चुनाव परिणामों की तस्वीर अब धीरे-धीरे साफ होती जा रही है। मतगणना की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू हो चुकी है और शाम तक यह तय हो जाएगा कि किन दलों को शहरी सरकार की कमान मिलेगी। इस चुनाव को खास माना जा रहा है, क्योंकि राज्य की राजनीति में हाल के दिनों में बड़े समीकरण बदले हैं। बता दे, राज्य भर के 893 वार्डों में फैली कुल 2,869 सीटों के लिए वोटों की गिनती जारी है। इन नतीजों पर सबसे ज्यादा नजर मुंबई की बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के साथ-साथ पुणे, ठाणे, नवी मुंबई, पिंपरी-चिंचवड़, कल्याण-डोंबिवली, मीरा-भायंदर और उल्हासनगर जैसे बड़े नगर निगमों पर टिकी हुई है।

इस बार का चुनाव इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि लंबे समय बाद ठाकरे परिवार के दोनों धड़े उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे एक साथ चुनावी रण में उतरे हैं। वहीं पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में ‘पवार बनाम पवार’ की सियासी जंग चर्चा में है, जहां अजित पवार का गुट शरद पवार की एनसीपी (एसपी) को कड़ी चुनौती देता नजर आ रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन नतीजों का असर आने वाले विधानसभा चुनावों पर भी पड़ेगा।

रुझानों की बात करें तो नागपुर में बीजेपी ने 50 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया है, जबकि कोल्हापुर में कांग्रेस बढ़त बनाए हुए है। छत्रपति संभाजीनगर में बीजेपी 12 सीटों पर आगे चल रही है। यहां AIMIM और शिवसेना के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। AIMIM 5 सीटों पर आगे है, शिवसेना (UBT) 5 सीटों पर और शिंदे गुट की शिवसेना 6 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इसके अलावा शरद पवार गुट और अजित पवार गुट की एनसीपी एक-एक सीट पर आगे चल रही है। कुल मिलाकर महाराष्ट्र के शहरी सियासी भविष्य की दिशा आज तय होने वाली है, जिस पर पूरे राज्य की नजर बनी हुई है।




