मध्य प्रदेश के मंडला में EOW का छापा, नगर परिषद कर्मचारी के पास मिली 3 करोड़ की संपत्ति, बैंक का निकला मालिक

0
2

मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला में EOW ने आज शनिवार को नगर परिषद कर्मचारी के घर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने 3 करोड़ रुपए की संपत्ति बरामद की है। जांच में कई अहम दस्तावेज तो बरामद हुए। साथ ही कर्मचारी के बैंक संचालक होने का राज भी खुल गया।

डीएसपी मनजीत सिंह के नेतृत्व में ईओडब्ल्यू की टीम ने बिछिया नगर परिषद के दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी शिव झरिया के मंडला, बम्हनी, नारायण गंज ऑफिस पर छापामार कार्रवाई की। आवास के साथ नजदीकी कार्यालय में तलाशी ली गई। EOW ने महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच करने के साथ घर में मौजूद कारों समेत अन्य संपत्तियों का मूल्यांकन किया, जिससे पता चला कि इस वेतन भोगी कर्मचारी के पास तीन प्लॉट, अलग-अलग स्थानों के बैंक में खाते हैं।

ईओडब्ल्यू ने अभी तक के जांच में तीन करोड़ दस लाख की संपत्ति मिलने की बात स्वीकार की है। इसके अलावा जांच में सामने आया कि शिव झरिया शिवंशी इंडिया निधि लिमिटेड बैंक का भी संचालन करता है। शिवकुमार झरिया पूर्व में मंडला जिले के मोहगांव जनपद में कैशियर था। वहां आर्थिक अनियमितताओं के आरोपों के बीच उन्हें नौकरी छोड़नी पड़ी।

इसके बाद वे बिछिया नगर परिषद में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के तौर पर काम कर रहा था। यहां पर शिकायत के बाद जिला स्तरीय जांच टीम ने परिषद के दो वित्तीय वर्षों के लेखा जोखा की जांच की थी। इस जांच में लाखों रुपये का गबन सामने आया जिसकी बिछिया थाने में एफआईआर दर्ज की गई। इस मामले में शिवकुमार झरिया सह आरोपी है और वर्तमान में जमानत पर है।