
Lok Sabha adjourned : लोकसभा की कार्यवाही 9 मार्च 2026 तक के लिए स्थगित हो गई है। संसद के बजट सत्र के दूसरे सत्र की शुरुआत इस दिन से फिर शुरू होगी। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाए जाने को लेकर सत्ता एवं विपक्ष के बीच वार-पलटवार और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। दरअसल, बजट पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने यूएस-भारत ट्रेड डील एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में जो टिप्पणियां कीं, उसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विशेषाधिकार हनन मान रही है। हालांकि, अभी यह तय नहीं हो पाया है कि राहुल के खिलाफ भाजपा विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाएगी या नहीं।

केंद्र के दो मंत्रियों ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के बारे में झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को दावा किया कि इस समझौते के तहत किसानों के हितों की ‘पूरी तरह से रक्षा’की गई है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर साझा किए गए वीडियो संदेशों में गांधी को ऐसे ‘आदतन झूठे’व्यक्ति करार दिया जो नहीं चाहते कि किसान सशक्त हों।

मंत्रियों ने ये टिप्पणियां गांधी द्वारा ’एक्स’ पर साझा किए गए उस वीडियो संदेश के बाद कीं जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर ‘किसान-विरोधी’होने और भारत एवं अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के जरिये देश को ‘बेचने’ का आरोप लगाया है। गोयल ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘आज जारी वीडियो में उन्होंने झूठ बोलने के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और निराधार आरोप लगाए हैं। वह अपने फर्जी विमर्श के जरिये हमारे किसानों को गुमराह कर रहे हैं और हमारे अन्नदाता को उकसाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने हमारी मातृभूमि की कभी परवाह नहीं की और हम उनसे भारत के मजबूत एवं समृद्ध भविष्य के लिए काम करने की कभी उम्मीद भी नहीं कर सकते।’




