रायपुर: रायपुर और दुर्ग के आम यात्रियों ही नहीं बल्कि रोजाना आवाजाही करने वाले सैकड़ों लोगों के लिए कुम्हारी टोल प्लाजा मुसीबत का सबब बन गया है। यहाँ लोगों के साथ टोल कर्मियों की बहसबाजी आम नजारा है। वाद-विवाद में जुटे कई लोग इस टोल प्लाजा को अवैध वसूली का अड्डा करार दे रहे है। उनका दावा है कि नियम के तहत टोल प्लाजा भरपूर लाभ कमा चूका है, उसकी वैधता ख़त्म हो चुके कई महीने बीत चुके है, बावजूद इसके लोगों से अभी तक टोल टैक्स की वसूली हो रही है। लोगों की शिकायतों का निपटारा भी नहीं हो रहा है। आखिरकार लोगों को मुसीबत से राहत दिलाने के लिए पूर्व विधायक विकास उपाध्याय सामने आये है।

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले स्थित कुम्हारी टोल प्लाजा पर कथित अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत की है। उपाध्याय ने पत्र में कुम्हारी टोल प्लाजा की निर्धारित समयावधि समाप्त होने का हवाला देते हुए इसका संचालन यथावत जारी रखने पर आपत्ति जताई है।

पूर्व विधायक ने इसे नियमों का उल्लंघन बताते हए स्वयं गडकरी ने लोकसभा में दिए वक्तव्यों का जिक्र भी किया है। गडकरी के बयानों का उल्लेख करते हुए उपाध्याय ने यह तथ्य सरकार के ध्यान में लाया है कि 60 किलोमीटर की सीमा में दो टोल प्लाजा नहीं हो सकते ? बावजूद इसके इस नियम का पालन छत्तीसगढ़ में नहीं हो रहा है। विकास उपाध्याय ने गडकरी कों लिखे पत्र में कहा कि वर्ष 2021 में संसद में उनके द्वारा घोषणा की थी कि एक वर्ष के भीतर देश भर में टोल प्लाजा हटाए जाएंगे, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका कोई असर अब तक नहीं दिखाई दे रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुम्हारी टोल प्लाजा में अब भी अवैध रूप से वसूली की जा रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुम्हारी प्लाजा में टोल टैक्स वसूली को लेकर स्थानीय नेताओं ने भी कई बार हंगामा खड़ा किया है। उनका लंबे समय से विरोध भी जारी रहा, लेकिन ना तो NHAI ने हस्तक्षेप किया और ना ही राज्य सरकार ने हालात पर गौर फरमाए। अब इस मुद्दे पर विकास उपाध्याय ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री से चर्चा के लिए समय देने का अनुरोध भी किया है।
देखें पत्र की कॉपी:
