
चेहरे की खूबसूरती में मुस्कान का अहम रोल होता है, लेकिन दांतों पर जमी पीली परत न सिर्फ लुक खराब करती है, बल्कि आत्मविश्वास भी कम कर देती है। कई लोग इस वजह से खुलकर हंस नहीं पाते और महंगे टूथपेस्ट या ब्लीचिंग ट्रीटमेंट का सहारा लेते हैं। हालांकि, दांतों की पीली परत हटाने के उपाय आयुर्वेद और घरेलू नुस्खों में बेहद सरल और कारगर बताए गए हैं।
नीम से दांतों की सफेदी
आयुर्वेद में नीम को प्राकृतिक औषधि माना गया है। इसमें मौजूद एजाडिरैक्टिन और निमबिन तत्व मुंह के हानिकारक बैक्टीरिया को खत्म करते हैं। रोज सुबह नीम की पत्तियां चबाना या नीम की दातुन करना दांतों की गंदगी और पीलापन दूर करने में मदद करता है।
पुदीना से ताजगी और सफाई
पुदीना केवल ताजगी ही नहीं देता, बल्कि दांतों की सतह को भी साफ करता है। पुदीने में मौजूद मेंथॉल तत्व बैक्टीरिया को बढ़ने से रोकता है। अगर सुबह खाली पेट पुदीने की पत्तियां चबाई जाएं, तो मुंह की बदबू कम होती है और धीरे-धीरे दांत सफेद होने लगते हैं।
संतरे के छिलके का इस्तेमाल
संतरे के छिलके में साइट्रिक एसिड और विटामिन सी होता है। इसे हल्के हाथों से दांतों पर रगड़ने से जमी हुई पीली परत हट जाती है और दांतों की चमक लौट आती है।
अमरूद के पत्तों का फायदा
अमरूद के पत्तों में प्राकृतिक एंटीऑक्सीडेंट्स और एंटीबैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं। सुबह कुछ ताजे पत्ते चबाने से दांत साफ रहते हैं और पीलेपन की समस्या धीरे-धीरे खत्म हो जाती है।