रांची: झारखंड का मोस्ट वांटेड क्रिमिनल मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा को भारत लाने के लिए अजरबैजान सरकार ने हरी झंडी दे दी है। अब सिर्फ मयंक सिंह को भारत लाना बाकी है। झारखंड एटीएस की टीम के लिए डिप्लोमैटिक पासपोर्ट (व्हाइट पासपोर्ट) तैयार किया जा रहा है ताकि वे अजरबैजान जाकर मयंक सिंह को भारत ला सकें।
अजरबैजान से प्रत्यर्पण मंजूर, बाकू जेल में बंद मयंक सिंह
मयंक सिंह को अजरबैजान के बाकू हाईकोर्ट ने कुख्यात अपराधी मानते हुए प्रत्यर्पण की मंजूरी दी है। इससे पहले निचली अदालत ने भी प्रत्यर्पण को मंजूरी दी थी। अजरबैजान की इस मंजूरी के बाद अब झारखंड पुलिस की टीम जल्द अजरबैजान रवाना होगी। मयंक फिलहाल बाकू जेल में बंद है।
झारखंड पुलिस को बड़ी सफलता, अमन साव के नेटवर्क पर बड़ा हमला
डीजीपी अनुराग गुप्ता ने बताया कि मयंक सिंह को लाकर न्याय के कटघरे में खड़ा करना झारखंड पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी है। मयंक से पूछताछ के बाद गैंगस्टर अमन साव के फाइनेंशियल और हथियार नेटवर्क को भी ध्वस्त किया जाएगा।
मयंक सिंह की पहचान और गिरफ्तारी
मयंक सिंह की असल पहचान सुनील मीणा के रूप में हुई, जो राजस्थान के रहने वाले हैं और विदेश से झारखंड में अपराध चला रहे थे। रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद उन्हें अजरबैजान में गिरफ्तार किया गया।
