तिहाड़ जेल के नए डीजी बने एसबीके सिंह
1988 बैच के आईपीएस अधिकारी एसबीके सिंह को तिहाड़ जेल का नया डीजी नियुक्त किया गया है। हाल ही में वह दिल्ली पुलिस कमिश्नर के पद पर तैनात थे। लेकिन दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हुए हमले के बाद उन्हें इस पद से हटा दिया गया और उनकी जगह एजीएमयूटी कैडर के आईपीएस सतीश गोलचा को दिल्ली पुलिस कमिश्नर बनाया गया।
कौन हैं एसबीके सिंह
एसबीके सिंह 1998 बैच के एजीएमयूटी कैडर के अधिकारी हैं। उन्होंने 1 अगस्त 2025 को दिल्ली पुलिस कमिश्नर का कार्यभार संभाला था। इससे पहले संजय अरोड़ा इस पद पर थे। सिंह तब सुर्खियों में आए थे जब पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा भारत दौरे पर आए थे और उनकी सुरक्षा का नेतृत्व उन्होंने किया था।
36 साल का अनुभव और अहम जिम्मेदारियां
एसबीके सिंह का करियर 36 साल से ज्यादा का रहा है। दिल्ली पुलिस में उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं। इसके अलावा, वे नॉर्थ ईस्ट के राज्यों अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में पुलिस बलों के प्रभारी भी रह चुके हैं। तिहाड़ जेल का डीजी बनने से पहले भी वे इसी पद पर रह चुके हैं।
रेखा गुप्ता पर हमले के बाद बदलाव
बुधवार को दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ था, जिसमें उन्हें चोटें भी आईं। इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस कमिश्नर पद से एसबीके सिंह को हटाकर सतीश गोलचा को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। अब सिंह को फिर से तिहाड़ जेल का डीजी बनाया गया है।
