वेब डेस्क / इंदौर में सार्वजनिक रूप से चलने वाले कोठे को ध्वस्त करने के बाद इसके संचालकों के बुरे दिन शुरू हो गए है | मानव तस्करी, जमीनों की जालसाझी और अड़ीबाजी जैसे गंभीर प्रकरणो में फरार भूमाफिया जितेंद्र उर्फ़ जीतू सोनी की खोजबीन जोरशोर से जारी है | शुक्रवार को जिला प्रशासन ने उसके चार ठिकानों को जमींदोज कर दिया | यही नहीं आयकर विभाग और ईडी की टीम ने भी संपत्ति और लेन -देन की जाँच शुरू कर दी है | जीतू के बैंक खाते, लॉकर और दस्तावेजों को जाँच में लिया गया है | एसएसपी रूचिवर्धन मिश्र ने बताया की मुंबई निवासी रविंद्र पंडित की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई | जीतू के फरार रहने पर पुलिस संपत्ति की जानकारी जुटा रही है | उनके मुताबिक इस संपत्ति को निमयानुसार कुर्क कराया जाएगा |

गौरतलब है कि बीते 15 सालों से इंदौर में सरेआम मॉय होम नाम से कोठा संचालित होता था | यहां देशभर से लाई गई लड़कियां रातभर नाच-गाना और वैश्यावृत्ति किया करती थी | राजनैतिक संरक्षण के चलते मॉय होम में पुलिस का प्रवेश वर्जित था | हाल ही में मॉय होम में कार्यरत कई लड़कियों ने जोर जबरदस्ती वैश्यावृत्ति कराए जाने की शिकायत पुलिस में की थी | मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद इंदौर जिला प्रशासन ने इसके संचालकों के खिलाफ अभियान छेड़ा है | जीतू सोनी के पुत्र अमित सोनी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था | अदालत ने उसे तीन दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया है |
