
नई दिल्ली। भारतीय सेना में शीर्ष स्तर पर एक अहम बदलाव होने जा रहा है। लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह 1 अगस्त से भारतीय थलसेना के नए उपसेनाध्यक्ष (Vice Chief of Army Staff) का पदभार ग्रहण करेंगे। उनकी नियुक्ति से सेना की रणनीतिक दिशा और संचालन क्षमता को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
READ MORE : संसद में कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने, आरोप-प्रत्यारोप से गरमाया सत्र …
लेफ्टिनेंट जनरल सिंह ने दिसंबर 1987 में IMA देहरादून से पासआउट होकर 4 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) में कमीशन प्राप्त किया था। अपने 36 साल के सैन्य जीवन में उन्होंने ऑपरेशन पवन (श्रीलंका), ऑपरेशन मेघदूत (सियाचिन), ऑपरेशन रक्षक (जम्मू-कश्मीर) और ऑपरेशन ऑर्किड जैसे महत्वपूर्ण अभियानों में हिस्सा लिया है। इसके अलावा, उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के लेबनान और श्रीलंका मिशनों में भी देश का प्रतिनिधित्व किया।
अंतरराष्ट्रीय अनुभव और सामरिक नेतृत्व
साल 2022 में उन्होंने हिमाचल प्रदेश के योल में स्थित राइजिंग स्टार कोर की कमान संभाली थी, जो भारत की उत्तर-पश्चिमी सीमा पर रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जाती है। उनके अंतरराष्ट्रीय और घरेलू अनुभव उन्हें इस नई भूमिका के लिए पूर्णतः उपयुक्त बनाते हैं।
नौसेना में भी शीर्ष स्तर पर बदलाव
सेना के साथ-साथ भारतीय नौसेना में भी बदलाव देखने को मिलेगा। वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन, जो वर्तमान में वाइस चीफ हैं, अब पश्चिमी नौसैनिक कमान के नए कमांडर बनेंगे। उनकी जगह वाइस एडमिरल संजय वत्सायन 1 अगस्त से नए वाइस चीफ ऑफ नेवल स्टाफ का पद संभालेंगे।