
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को दो दिन की राजकीय यात्रा पर इजराइल के तेल अवीव पहुंचे। उनकी इस यात्रा के दौरान दोनों देश रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने और साझा भविष्य के विजन को आगे बढ़ाने पर फोकस करेंगे। 2017 के बाद यह उनका पहला इजराइल दौरा है। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू ने बेन गुरियन हवाई अड्डा पर प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया आभार, द्विपक्षीय वार्ता पर भरोसा
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि वे इजराइल पहुंच गए हैं और प्रधानमंत्री नेतन्याहू तथा सारा नेतन्याहू की ओर से एयरपोर्ट पर मिला भव्य स्वागत उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस यात्रा से भारत और इजराइल के संबंध और मजबूत होंगे तथा द्विपक्षीय चर्चा से सकारात्मक परिणाम निकलेंगे।
औपचारिक स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर
भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी का इजराइल में विशेष राजकीय सम्मान के साथ स्वागत किया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। बीते 9 वर्षों में यह प्रधानमंत्री मोदी की दूसरी इजराइल यात्रा है।
नेतृत्व स्तर की बैठकें और संसदीय संबोधन
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी, प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ व्यापक वार्ता करेंगे। वे इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे और नेसेट को संबोधित करेंगे। इसके अलावा वे कई आधिकारिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे।
रणनीतिक साझेदारी के प्रमुख क्षेत्र
इजराइल विज्ञान और तकनीक, इनोवेशन, रक्षा और कृषि जैसे क्षेत्रों में भारत का अहम साझेदार है। दोनों देशों के संबंध आपसी भरोसे, साझा प्राथमिकताओं और भविष्य की तकनीकों में सहयोग पर आधारित हैं।


