
IND vs AFG: तीसरे वनडे से पहले बड़ा फैसला, हर्षित राणा की टीम इंडिया में एंट्री, हार्दिक पांड्या बाहर
भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज में टीम इंडिया ने शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली है। अब दोनों टीमों के बीच आखिरी और तीसरा मुकाबला 20 जून को खेला जाएगा। लेकिन इस मैच से पहले बीसीसीआई ने बड़ा फैसला लेते हुए टीम में बदलाव कर दिया है।

हर्षित राणा की टीम में वापसी
तेज गेंदबाज हर्षित राणा को तीसरे और आखिरी वनडे के लिए भारतीय टीम में शामिल कर लिया गया है। हर्षित पिछले कुछ समय से चोट के कारण क्रिकेट से दूर थे और इसी वजह से आईपीएल में भी अपनी टीम के लिए नहीं खेल सके थे। हालांकि अब उन्होंने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में अपना रिहैब पूरा कर लिया है और वे चेन्नई में टीम इंडिया के साथ जुड़ चुके हैं। बीसीसीआई की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक चयन समिति ने उनकी फिटनेस को देखते हुए उन्हें अंतिम वनडे के लिए स्क्वाड में शामिल किया है। माना जा रहा है कि इस मैच में उन्हें मौका देकर उनकी मैच फिटनेस भी परखी जा सकती है।

हार्दिक पांड्या का नाम स्क्वाड से हटा
वहीं टीम के अपडेटेड स्क्वाड से हार्दिक पांड्या का नाम हटा लिया गया है। शुरुआत में उन्हें शर्तों के साथ टीम में शामिल किया गया था और कहा गया था कि पूरी तरह फिट होने पर ही वे चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। हालांकि फिटनेस को लेकर सकारात्मक संकेत मिलने के बाद भी उनकी पुरानी चोट फिर सामने आने की खबर है। बीसीसीआई की ओर से इस पर आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई, लेकिन अब उनका नाम अंतिम सूची में शामिल नहीं है। अब नजरें इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली आगामी वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया के ऐलान पर हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि तीसरा वनडे समाप्त होने के बाद चयनकर्ता नई टीम की घोषणा कर सकते हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे के लिए अपडेटेड भारतीय टीम:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे, यशस्वी जायसवाल और हर्षित राणा।






