रतलाम: पति पत्नी और वो की एक दास्तान में पति ने प्रेमी को छोड़कर पत्नी के साथ ऐसा सलूक किया कि 30 साल की महिला की जान पर बन आई। उसे रस्सियों से बांधकर पीटा गया, फिर पीड़ित महिला की इलाके में परेड कराई गई। इस वारदात को अंजाम देने का मकसद पत्नी की बेवफ़ाई पर उसे सबक़ सिखाना था। हालांकि कई लोगो ने इस गैरकानूनी कृत्य का विरोध किया। जबकि इलाक़े के कई लोग पति के समर्थन में घटना को जायज ठहरा रहे है। मामला मध्य प्रदेश में रतलाम जिले के एक गांव का है।

पुलिस के मुताबिक घटना के बाद महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक महिला कुछ समय पहले ही अपने पति का घर छोड़कर अपने प्रेमी के साथ रहने लगी थी। इलाक़े के पुलिस अधिकारी के अनुसार परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने पीड़ित महिला को अपने पति के पास लौटने के लिए समझाया लेकिन वह तैयार नहीं हुई। इसके बाद पति ने अचानक ये क़दम उठाया।

पुलिस अधिकारी एस सेंगर ने बताया कि पीड़ित महिला अपने प्रेमी के साथ चली गई तो उसका पति और उसके परिवार के सदस्य भी बदनामी की वजह से गांव छोड़ कहीं और चले गए। उन्होंने कहा कि कुछ दिन बाद महिला वापस गांव लौट आई। उसने अपने पति के मकान का ताला तोड़ा और वहां रहने लगी। इससे नाराज पति का अपनी पत्नी के साथ वाद – विवाद हुआ। सेंगर ने बताया कि उसके पति और सात अन्य लोगों ने गांव आकर कथित तौर पर महिला को रस्सियों से बांध दिया, उसे लाठियों से पीटा, फिर गांव में घुमाया।

ऐसी घटनाओं में आमतौर पर प्रेमी के साथ सख्ती की खबरे आती है, कई बार तो प्रेमी प्रेमिका दोनों को मौत के घाट उतारे जाने की घटनाएं भी सामने आई है। लेकिन इस घटना में किसी की जान जाती उससे पहले पुलिस मौके पर पहुंच गई और उसने हालात को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारी सेंगर ने बताया कि पीड़ित पत्नी को पुलिस टीम ने मुक्त कराया। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, यहाँ से उसे रतलाम के जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस के मुताबिक महिला के पति सहित आठ लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।