
उत्तर प्रदेश : बाराबंकी जिले में एक छोटा सा घरेलू विवाद अचानक बड़ा मामला बन गया, जब गैस सिलेंडर को लेकर हुई कहासुनी के बाद पत्नी अपने 5 महीने के मासूम बेटे को लेकर घर छोड़कर चली गई। बीते तीन दिनों से पति उसकी तलाश में दर-दर भटक रहा है, लेकिन अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।मामला घुंघटेर थाना क्षेत्र के बौधनी मजरे खटौली गांव का है। यहां रहने वाले अनिल कुमार की शादी करीब दो साल पहले सुमन देवी (29) से हुई थी। दंपति का एक पांच महीने का बेटा भी है। अनिल एक निजी कंपनी में नौकरी करता है।

बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब 8 बजे अनिल नाइट ड्यूटी से घर लौटा और खाना मांगा। इस पर पत्नी ने चूल्हे पर खाना बनाने से इनकार करते हुए गैस सिलेंडर भरवाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई।विवाद के बाद अनिल अपने कमरे में जाकर सो गया। इसी दौरान सुमन देवी कुछ कपड़े, करीब 1000 रुपये नकद और अपने बच्चे को लेकर घर से निकल गई।शाम करीब 4 बजे जब अनिल की नींद खुली, तो पत्नी और बच्चे के घर में न होने का पता चला। इसके बाद उसने परिजनों के साथ कई रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चल सका।

फिलहाल पुलिस ने पति की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के मुताबिक जल्द ही दोनों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। वहीं, पति अनिल कुमार ने भावुक अपील करते हुए कहा-अगर मुझसे कोई गलती हुई हो तो माफ कर दो, बस घर वापस आ जाओ।





