महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंडिया के पति और रिटायर्ड आईजी रविन्द्र भेंडिया का निधन, सीएम ने दी श्रद्धांजलि

0
42

रायपुर / छत्तीसगढ़ पुलिस के पूर्व महानिरीक्षक रविन्द्र भेेंडिया का रविवार की देर रात निधन हो गया। वे राज्य की महिला बाल विकास मंत्री अनिला भेंडिया के पति थे। पिछले दिनों रविंद्र भेंडिया कोरोना से पीड़ित पाए गए थे, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है। इसके बाद कोरोना से ठीक होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। बाद में अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रायपुर में एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया था, जहां देर रात उनका निधन हो गया।

मुख्यमंत्री बघेल ने स्वर्गीय रविन्द्र भेंडिया के शोकसंतप्त परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और उनके परिवारजनों को दुःख की इस घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। स्वर्गीय रविन्द्र भेड़िया का अंतिम संस्कार उनके गृह ग्राम पीपरछेड़ी, जिला बालोद में आज 5 अक्टूबर को किया जायेगा।

मूल रूप से बालोद जिले के रहने वाले भेंडिया तीन वर्ष पूर्व ही पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हुए थे। अपने सेवा काल के दौरान रविंद्र भेंडिया छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के कई जिलों में बतौर पुलिस अधीक्षक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके बाद पदोन्नति पाकर वे पुलिस महानिरीक्षक बने थे और इसी पद से साल 2017 में सेवानिवृत्त हुए थे।