मुंबई: मशहूर रैपर यो यो हनी सिंह के डेटिंग की अफवाहों को एक बार फिर हवा मिली है। इस बार उनका नाम मिस्र की मॉडल एमा बकर के साथ जुड़ रहा है। दरअसल, एमा के बर्थडे पार्टी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस दौरान दोनों की केमिस्ट्री देखकर नेटिजन्स ने अंदाजा लगाया कि वह एक दूसरे को डेट कर रहे हैं।
हनी सिंह के साथ उनके बर्थडे पार्टी में नजर आईं एमा बकर एक रनवे मॉडल हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वह एक अभिनेत्री भी हैं और हनी सिंह के कई म्यूजिक वीडियो में नजर आ चुकी हैं। कथित तौर पर साल 2023 में, उन्हें रैपर के साथ देखा गया। अब सामने आए वीडियो ने उनकी डेटिंग की अफवाहों को हवा दे दी है। 25 वर्षीय मॉडल इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय रहती हैं। यहां उनके 268K फॉलोअर्स हैं। वह अक्सर अपनी तस्वीरें और वीडियो यहां शेयर करती रहती हैं।
17 अप्रैल को हनी सिंह ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्हें एक रेस्टोरेंट में एमा के लिए सरप्राइज बर्थडे पार्टी देते हुए देखा जा सकता है। मॉडल उनके बगल में डाइनिंग टेबल पर बैठी नजर आ रही हैं। जब रेस्टोरेंट के कर्मचारी एमा के इर्द-गिर्द नाच रहे थे, तो मॉडल हनी सिंह के हाव-भाव से हैरान और अभिभूत दिखीं। उन्होंने गायक को धन्यवाद दिया। हनी सिंह ने फिर उनका हाथ कसकर पकड़ा और उन्हें जन्मदिन का केक काटने के लिए कहा। वीडियो में उनकी केमिस्ट्री साफ देखी जा सकती है। हनी ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, ‘हैप्पी बर्थडे क्लियोपेट्रा एमा।’ वीडियो वायरल होने के बाद नेटिजन्स अटकलें लगाने लगे कि क्या हनी सिंह को एक बार फिर प्यार मिल गया है और क्या दोनों डेटिंग कर रहे हैं?
यह पहली बार नहीं हो रहा है जब हनी सिंह अपनी लव लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। इससे पहले साल 2024 में वह आईफा पुरस्कार समारोह में अभिनेत्री हीरा सोहल के साथ हाथों में हाथ डालकर नजर आए। हालांकि, दोनों अपने रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक या सार्वजनिक घोषणा नहीं की। उन्होंने अभिनेत्री टीना थडानी को भी डेट किया, लेकिन ये रिश्ता ज्यादा नहीं चला दोनों अलग हो गए। हनी सिंह की शादी शालिनी तलवार से हुई थी। शादी के 11 साल बाद साल 2022 में दोनों ने तलाक ले लिया।