देश के सबसे अमीर परिवार के घर गूंजी किलकारी, दादा- दादी बने मुकेश और नीता अंबानी, आकाश और श्लोका के  घर बेटे का हुआ जन्म 

0
3

मुंबई / देश के सबसे अमीर अंबानी खानदान में खुशियों ने दस्तक दी है | दरअसल अंबानी परिवार में नन्हे मेहमान का आगमन हुआ है | नीता अंबानी और मुकेश अंबानी की बहू और आकाश अंबानी की पत्नी श्लोका मेहता ने आज सुबह 11 बजे एक प्यारे से बेटे को जन्म दिया है | नन्हे मेहमान के आने से पूरा अंबानी परिवार बेहद खुश है | अंबानी परिवार के एक प्रवक्ता ने बताया कि, “भगवान कृष्ण की कृपा से नीता अंबानी और मुकेश अंबानी पहली बार दादा-दादी बनने पर खुशी से फूले नहीं समा रहे हैं | मां और बेटा दोनों ही स्वस्थ हैं, और नन्हा मेहमान परिवार के लिए खुशियों की सौगात लाया है |”

आकाश और श्लोका 9 मार्च 2019 में शादी के बंधन में बंधे थे | दोनों की दोस्ती स्कूल के दिनों से ही थी और दोनों ने ही धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल से पढ़ाई की है | श्लोका ने लंदन स्कूल ऑफ इकोऩॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस से लॉ में मास्टर्स डिग्री हासिल की है | वह समाजसेवी भी हैं | श्लोका ने 2015 में कनेक्ट फॉर नाम से एनजीओ भी शुरू किया था | इस एनजीओं के द्वारा जरूरतमंदों को शिक्षा, भोजन और घर उपलब्ध कराया जाता है |

आकाश और श्लोका की शादी के चर्चे देश-विदेश में हुए थे | इनका प्रीवेडिंग सेलिब्रेशन स्विटजरलैंड के सेंट मॉरिट्ज में ऑर्गनाइज किया गया था और तीन दिन तक चला था | इस प्रीवेडिंग सेलिब्रेशन में देश-दुनिया की तमाम बड़ी हस्तियों और राजनीति, खेल , सिनेमा की दिग्गज हस्तियां शामिल हुई थीं। खास बात यह है कि इस शादी में ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर और गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई भी शामिल हुए। दोनों की सगाई जून 2018 में हुई।

बहरहाल जो भी हो फिलहाल अंबानी परिवार में जश्न का माहौल है | हो भी क्यों ना धीरूभाई अंबानी और कोकिला बेन के ग्रेट ग्रैंड सन का जन्म जो हुआ है | वहीं मुकेश अंबानी और नीता अंबानी पोते के आने की खुशी में मस्त हैं | अंबानी परिवार को हर तरफ से बधाईयां मिल रही हैं और हर कोई नन्हे मेहमान के अच्छे स्वास्थ्य के लिए कामना कर रहा है |