
नेशनल डेस्क : कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने शनिवार को कहा कि केरल के लिए उच्च गति रेल परियोजना आवश्यक है। राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित ‘रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम’ (आरआरटीएस) और ‘मेट्रोमैन’ ई. श्रीधरन द्वारा समर्थित उच्च गति वाली रेल परियोजना को लेकर जारी बहस पर टिप्पणी करते हुए कांग्रेस नेता वी. डी. सतीशन ने कहा कि केरल को तेज आवागमन की जरूरत है और बुनियादी ढांचे का विकास होना चाहिए।
सतीशन ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) किसी भी उच्च गति वाली रेल परियोजना के विरोधी नहीं हैं, बशर्ते वह पर्यावरण की दृष्टि से ठीक हो और राज्य के लिए आर्थिक रूप से व्यवहार्य हो। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सतीशन ने पत्रकारों से कहा, ”हम किसी भी उच्च गति वाली रेल परियोजना के खिलाफ नहीं हैं और ऐसी परियोजना आनी चाहिए। लेकिन इसके लिए उचित पर्यावरणीय अध्ययन होना चाहिए और यह केरल के लिए आर्थिक रूप से व्यवहार्य होनी चाहिए।” उन्होंने कहा कि यदि ऐसी कोई परियोजना केंद्र या राज्य सरकार द्वारा लाई जाती है, तो उनकी पार्टी को उस पर कोई आपत्ति नहीं होगी।

सतीशन ने कहा, ”आरआरटीएस परियोजना सरकार के कार्यकाल के अंत में पद छोड़ने से ठीक पहले घोषित की गई। इसे बिना किसी प्रारंभिक अध्ययन के घोषित कर दिया गया। हालांकि, हम किसी भी अच्छी परियोजना का समर्थन करेंगे।” सतीशन ने कहा कि उनकी पार्टी ने श्रीधरन द्वारा प्रस्तावित उच्च गति वाली रेल परियोजना का विरोध नहीं किया है, क्योंकि इसके लिए और अधिक विस्तृत अध्ययन की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अपने विचार व्यक्त करने के बाद उन पर यह कहकर हमला किया गया कि वह राज्य सरकार की ‘के-रेल’ परियोजना का विरोध करते हैं, लेकिन केंद्र द्वारा प्रस्तावित परियोजना का स्वागत करते हैं।




