दिल्ली NCR बारिश अलर्ट के बीच राजधानी और आसपास के इलाकों में लगातार तेज बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह से ही रुक-रुककर हो रही बारिश से मौसम सुहाना तो है, लेकिन कई जगह जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या भी सामने आ रही है।
नोएडा-गाजियाबाद में दिनभर बारिश की संभावना
IMD के मुताबिक नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में दिनभर बारिश हो सकती है। वहीं, दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी, मध्य, शहादरा और पूर्वी हिस्सों में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी के अन्य हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है।
खतरे के निशान पर यमुना
लगातार हो रही बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। प्रशासन ने मयूर विहार और अन्य निचले इलाकों में बाढ़ राहत शिविर स्थापित किए हैं। यमुना किनारे बसे लोगों को अलर्ट पर रखा गया है और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाएगा।
प्रशासन हाई अलर्ट पर
26 अगस्त को हुई भारी बारिश के बाद दिल्ली में पहले ही रेड अलर्ट जारी किया गया था। अब हालात को देखते हुए प्रशासन ने राहत और बचाव दलों को तैयार रखा है। लोगों से अपील की गई है कि वे यमुना किनारे और निचले इलाकों से दूर रहें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
