
नई दिल्ली : राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह का बतौर सदस्य कार्यकाल 10 अप्रैल को समाप्त होने वाला था और उनकी विदाई लगभग तय मानी जा रही थी। लेकिन ऐन मौके पर घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया और उन्हें एक और कार्यकाल का मौका मिल गया।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने कोटे से हरिवंश को राज्यसभा का सदस्य मनोनीत कर दिया है। इस संबंध में गृह मंत्रालय की ओर से गजट नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है।

इस मनोनयन के बाद अब यह साफ हो गया है कि हरिवंश अगले छह साल तक उच्च सदन में अपनी भूमिका निभाते रहेंगे। यह उनका राज्यसभा सदस्य के रूप में तीसरा कार्यकाल होगा।गौरतलब है कि उनकी पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) ने इस बार उन्हें राज्यसभा नहीं भेजा था, जिसके चलते उनकी विदाई तय मानी जा रही थी। संविधान के अनुच्छेद 80 के तहत राष्ट्रपति को राज्यसभा में 12 सदस्यों को मनोनीत करने का अधिकार है। इसी प्रावधान के तहत एक नामित सदस्य के सेवानिवृत्त होने से खाली हुई सीट पर हरिवंश को नामित किया गया है।






