रायपुर : छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के महासचिव पद से गुरुचरण सिंह होरा (Gurucharan Singh Hora) को बाहर का रास्ता दिखाए जाने की खबर आ रही है | सूत्रों के मुताबिक उनसे इस्तीफा ले लिया गया है | हालाँकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है |

प्रदेश में केबल वार के चलते छोटे केबल कारोबारियों को रास्ते से हटा कर उनके कारोबार में जोर जबरदस्ती कब्ज़ा करने को लेकर सुर्खियों में आए गुरुचरण सिंह होरा का एक ऑडियो इन दिनों सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है | इसे देख सुनकर लोग हैरत में है |

बताया जा रहा है कि केबल वार में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ,कांग्रेस के कई नेताओ एवं अफसरों के नाम के इस्तेमाल का मामला सामने आने के बाद ओलम्पिक संघ से गुरुचरण सिंह होरा से पूछताछ हुई है | उनकी सफाई और दलीलों को सुने जाने के बाद इस्तीफे का फैसला लिया गया था |

नाम ना छापने की शर्त में कांग्रेस के एक नेता ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तारीफ़ करते हुए कहा कि पार्टी और सरकार की छवि को लेकर वे हमेशा सतर्क रहते है | मुख्यमंत्री बघेल और पार्टी को अवसरवादियों को पहचानना अच्छी तरह से आता है | नेता जी ने दावा किया कि बतौर ओलम्पिक संघ की साफ़ सुथरी छवि बनाए रखने के लिए इस्तीफा लिया गया है |

उधर इस्तीफे की खबरों -अटकलों पर विराम लगाने के लिए केबल वार विवादों से घिरे गुरुचरण सिंह होरा समेत ओलम्पिक संघ के पदाधिकारियो से न्यूज़ टुडे की ओर से संपर्क किया गया | इसे लेकर जहां बशीर खान ने अनभिज्ञता जाहिर की वही गुरुचरण सिंह होरा की ओर से भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पायी है |