
नई दिल्ली : सोना और चांदी लगातार महंगे होते जा रहे हैं। बीते कुछ समय से कीमती धातुओं की कीमतों में लगातार तेजी देखी जा रही है। इसी बीच बुल्गारिया की मशहूर भविष्यवक्ता बाबा वेंगा की एक पुरानी भविष्यवाणी फिर से चर्चा में आ गई है, जिसमें उन्होंने सोने की कीमतों में बड़े उछाल की बात कही थी।

बाबा वेंगा की कई भविष्यवाणियां पहले सच साबित हो चुकी हैं, ऐसे में सोने की बढ़ती कीमतों को देखकर लोग उनकी इस भविष्यवाणी को लेकर चिंतित और उत्सुक दोनों हैं। सोने की कीमतों को लेकर बाबा वेंगा की भविष्यवाणी इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। लोग इसे मौजूदा हालात से जोड़कर देख रहे हैं।बाबा वेंगा को अक्सर “बाल्कन क्षेत्र की नास्त्रेदमस” कहा जाता है। उनकी भविष्यवाणियां दुनियाभर में चर्चा का विषय रही हैं।

हाल के महीनों में सोने की कीमतों ने नए रिकॉर्ड बनाए हैं। भारत में 10 ग्राम सोने का भाव डेढ़ लाख रुपये के पार पहुंचने की खबरें सामने आई हैं। इसी बीच बाबा वेंगा की भविष्यवाणी ने सोने के दाम और बढ़ने की अटकलों को और तेज कर दिया है।वायरल भविष्यवाणी के अनुसार, भविष्य में वैश्विक वित्तीय संकट पारंपरिक बैंकिंग सिस्टम को कमजोर कर सकता है। ऐसे हालात में लोग पैसा बचाने के लिए सोने जैसे भौतिक साधनों की ओर रुख करेंगे। बाबा वेंगा के मुताबिक, सोने की कीमतों में 25 से 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

जानें सोने-चांदी का भाव-
सोने की कीमत आज 21 जनवरी को 1.50 लाख रुपए पार कर गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार सोना आज 7,795 रुपए बढ़कर 1,55,204 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला है। कल ये 1,47,409 रुपए पर था। सोना इस साल अब तक 21,744 रुपए महंगा हो चुका है।

वहीं 1 किलो चांदी की कीमत आज 10,730 रुपए बढ़कर 3,20,075 रुपए पर पहुंच गई है। इससे पहले कल ये 3,09,345 रुपए पर थी। चांदी इस साल सिर्फ 21 दिनों में ही 90,825 रुपए महंगी हो चुकी है। सोने-चांदी के दाम लगातार तीसरे दिन अपने ऑलटाइम हाई पर हैं।




