
नई दिल्ली : 5 अगस्त 2025 — देश के वरिष्ठ नेता और कई राज्यों के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का मंगलवार को निधन हो गया। वे पिछले कुछ महीनों से बीमार चल रहे थे और दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में भर्ती थे। उन्होंने दोपहर 1 बजकर 12 मिनट पर अंतिम सांस ली। उनकी उम्र 77 वर्ष थी।

मलिक ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत उत्तर प्रदेश में छात्र राजनीति से की थी। वे लोकसभा और राज्यसभा दोनों के सदस्य रहे। अलग-अलग समय पर उन्होंने कांग्रेस जनता दल और भारतीय जनता पार्टी से जुड़कर काम किया। उनका राजनीतिक सफर लगातार बदलावों और सक्रियता से भरा रहा। वे किसानों, शिक्षा और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर अक्सर मुखर रहे।

दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी ने पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निधन पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निधन का समाचार बेहद दुःखद है। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में सादगी, स्पष्टवादिता और जनहित के मुद्दों पर अपनी बेबाक राय के लिए हमेशा एक अलग पहचान बनाई। उनका जाना भारतीय राजनीति की एक सधी हुई आवाज़ का शांत हो जाना है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें और परिजनों को इस कठिन समय में साहस दें। ॐ शांति