रायपुर : छत्तीसगढ़ में जोगी परिवार की कांग्रेस में एंट्री से पहले पूर्व विधायक अमित जोगी की पत्नी ऋचा जोगी सुर्खियों में है। उनके खिलाफ फर्जी जाति प्रमाण पत्र के मामले में FIR दर्ज की गई है। ये FIR उस वक्त दर्ज हुई है जब कांकेर में भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव की नामांकन प्रक्रिय शुरू है। इस नई मुसीबत से अजित जोगी परिवार में गहमा – गहमी है। जोगी की पार्टी ने इस उपचुनाव में कांग्रेस के खिलाफ अपना प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा है। उसने कांग्रेस को समर्थन देकर एक नए समीकरण की ओर कदम बढ़ाये थे कि यह आफत आई है। पार्टी गलियारों में अटकले लगाई जा रही थी कि जल्द ही जोगी परिवार की कांग्रेस में एंट्री हो सकती है।

यही नहीं छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के कांग्रेस में विलय की खबरे भी राजनैतिक गालियारों में गूंज रही थी। लेकिन अब ऋचा पर दर्ज FIR ने इस समीकरण का रुख साफ़ कर दिया है। उधर, चुनावी मैदान में जोगी पार्टी के समर्थन पर कई कांग्रेसी नेता भी हैरान नजर आ रहे थे। उन्हें JCC से एका – एक ऐसे समर्थन की उम्मीद नहीं थी। वो इसे किसी नए समीकरण से जोड़कर देख रहे थे। दरअसल अभी तक जोगी परिवार की बीजेपी से नजदीकियों के चर्चे आम थे। फिलहाल इस FIR को लेकर राजनैतिक गलियारा सरगर्म है। करीब दो साल बाद जोगी की जाति का जिन्न एक बार फिर बाहर आने से राजनीति तेज होती नजर आ रही है।

छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के अध्यक्ष अमित जोगी की पत्नी ऋचा जोगी के खिलाफ मुंगेली थाने में FIR दर्ज की गई है। फर्जी जाति प्रमाण पत्र हासिल करने को लेकर यह FIR दर्ज की गई है। बताया जाता है कि राज्य स्तरीय प्रमाणीकरण समिति ने इस कार्रवाई की सिफारिश मुंगेली कलेक्टर से की थी। जानकारी के मुताबिक थाना मुंगेली में ऋचा जोगी के खिलाफ अपराध क्रमांक 651/ 22 के तहत प्रकरण दर्ज हुआ है। इस FIR में सामाजिक पारिस्थितिक प्रमाणीकरण अधिनियम 2013 की धारा 10 के तहत मामला कायम किया गया है।

यह पहला मौका नहीं है जब ऋचा जोगी के जाति का मसला सुर्खियों में हो। इसके पूर्व भी मरवाही विधानसभा उप चुनाव के दौरान भी यह मामला उठा था। छजकां नेता के पार्टी प्रत्याशी बनने से पूर्व बघेल सरकार ने अमित जोगी का जाति प्रमाण पत्र निरस्त कर दिया था। इसके पूर्व छानबीन समिति ने स्वर्गीय अजित जोगी का आदिवासी होने संबंधी जाति प्रमाणपत्र भी निरस्त किया था।

बताते है कि ऋचा जोगी ने गोंड जाति का प्रमाणपत्र प्राप्त किया था। बघेल सरकार ने एक रिपोर्ट के बाद उसे भी निरस्त कर दिया था। ऋचा जोगी को मुंगेली कलेक्टर कार्यालय से 17 जुलाई 2020 को जाति प्रमाणपत्र जारी हुआ था। इसे 16 अक्टूबर 2020 को निरस्त कर दिया गया था। लेकिन कई महीनो बाद अचानक उनके खिलाफ FIR दर्ज होने से छजकां और कांग्रेस में अटकलों का बाजार गर्म है।
ये भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में ED के नए नोटिस से ”चिप्स” में खलबली