
मुंबई में हाल ही में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम एक बार फिर सुर्खियों में है. अब एक्टर रनवीर सिंह को धमकी दी गई है, लेकिन मुंबई पुलिस के वरिष्ठ सूत्रों का कहना है कि हालात अब पहले जैसे नहीं हैं. उनका दावा है कि लॉरेंस बिश्नोई और अनमोल बिश्नोई की गिरफ्तारी के बाद गैंग काफी कमजोर हो चुका है. उनके नाम का इस्तेमाल कर कुछ लोग सिर्फ डर का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं.

सूत्रों के मुताबिक, रोहित शेट्टी के घर पर हुई गोलीबारी को पुलिस बेहद गंभीरता से ले रही है. हमले के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए जिम्मेदारी लेने की कोशिश की गई, जिसमें बिश्नोई गैंग का नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया. हालांकि, जांच एजेंसियों का मानना है कि यह गैंग अपनी साख बचाने या वर्चस्व दिखाने के लिए इस तरह की हरकतें कर रहा है.

पुलिस का कहना है कि हमले में शामिल शूटरों की तलाश तेज कर दी गई है. भले ही आरोपियों ने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य सबूत नष्ट करने की कोशिश की हो, लेकिन तकनीकी जांच के जरिए जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है. इस मामले में अन्य एजेंसियों की भी मदद ली जा रही है और शुभम लोनकर जैसे संदिग्धों की तलाश जारी है. इस बीच अभिनेता रणवीर सिंह को कथित तौर पर मिले धमकी भरे मैसेज को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रणवीर सिंह के मैनेजर को एक वॉइस नोट मिला था, लेकिन अब तक यह साबित नहीं हो पाया है कि वह बिश्नोई गैंग से जुड़ा है. मामले की जांच जारी है, लेकिन फिलहाल इस मामले में नई FIR दर्ज होने की संभावना कम बताई जा रही है. पुलिस का साफ कहना है कि अभी तक ऐसा कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है, जिससे यह कहा जा सके कि यह संदेश सीधे गैंग की ओर से भेजा गया था.




