
अलीगढ़: यूपी के अलीगढ़ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस करने को लेकर वर-वधू पक्ष के बीच जमकर लात-घूंसे चले। मारपीट में दुल्हन के भाई समेत 7 लोग घायल हो गए। आरोप है कि बारातियों ने तमंचे की बटों से हमला किया था। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ये मामला देहली गेट थाना क्षेत्र के सांवरिया गेस्ट हाउस का है। यहां रविवार की रात शादी समारोह चल रहा था। घराती-बराती खाने में व्यस्त थे। इसी बीच में बाराती डीजे पर डांस करने लगे। तभी घराती पक्ष से एक 12 साल का किशोर भी डीजे पर डांस करने पहुंच गया। किशोर का एक बाराती के पैर पर पैर रख गया। इस पर बाराती ने उसे पीट दिया। यह बात घरातियों को पता लगी तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
आरोप है कि तभी बरातियों ने घरातियों के साथ मारपीट कर दी। दुल्हन के भाई पर तमंचे की बट से प्रहार कर दिया। समारोह में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुर्सियां भी फेंक दीं। पुलिस ने मौके से दो युवकों को पकड़ लिया। इंस्पेक्टर रामेन्द्र शुक्ला ने बताया कि डांस को लेकर घरातियों और बरातियों में विवाद हो गया था। दो लोगों को शांतिभंग में पाबंद किया गया है।
उधर, बुलंदशहर के अहार थाना क्षेत्र के गांव भगवंतपुर में डांस करने को लेकर बवाल हो गया। बारात चढ़त के दौरान हुए विवाद में जमकर लाठी-डंडे चले। जिसमें दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोगों के चोटें आई हैं। पुलिस ने किसी तरह बारातियों को बाहर निकलवाया। सोमवार की सुबह दोनों पक्षों में समझौते के बाद विवाह की पूरी रस्म हुई और उसके बाद दुल्हन विदा हुई। वहीं, ये मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।