
रायपुर : – प्रदेश के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य प्रिया शरण त्रिपाठी के परिवार में दुखों का पहाड़ टूटा है। एक ह्रदय विदारक सड़क दुर्घटना में उनके ज्येष्ठ पुत्र चिरंजीव रूपक त्रिपाठी के निधन की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक हैदराबाद में एक सड़क दुर्घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया है। जबकि हादसे के दौरान कार सवार उनके कनिष्ठ पुत्र की जान बाल – बाल बची है। हालांकि उनका कनिष्ठ पुत्र भी इस हादसे में घायल हो गया था। असहनीय दुःख की इस बेला में त्रिपाठी परिवार और उनके करीबियों का रो – रो के बुरा हाल है। दरअसल हादसे का शिकार हुए प्रिया शरण त्रिपाठी के जेष्ठ पुत्र रूपक त्रिपाठी का विवाह नवम्बर माह में नियत था। परिवार में इस शादी की उत्सुकता और खुशियों की बहार देखी जा रही थी। इस बीच हादसे की खबर से दोनों परिवारों में मातम पसरा है। ज्योतिषाचार्य प्रिया शरण त्रिपाठी अपने ज्ञान और कला कौशल से देश – प्रदेश में चर्चित है। उनकी वाणी और सहजता से कायल लोगों की संख्या भी बहुतायत में है।

जानकारी के मुताबिक हादसा दिनांक 09 अगस्त 2025 का बताया जाता है। त्रिपाठी परिवार से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिवंगत आत्मा की शांति हेतु आयोजित शोक सभा (शोक मिलन) तारीख: 13 अगस्त 2025समय दोपहर 3:00 से 4:00 बजे तक स्थानः झूलेलाल धाम, कैनाल रोड, श्याम नगर, रायपुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित किया गया है। ज्योतिषाचार्य के करीबियों और कई गणमान्य नागरिकों ने शोकाकुल परिवार को इस गहन दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने और पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। उनके सभी स्नेहीजनों ने स्वर्गीय रूपक को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

होनी और अनहोनी …
प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य प्रिया शरण त्रिपाठी का परिवार अपने ज्येष्ठ पुत्र रूपक की शादी की तैयारी में डूबा था। रूपक बेहद संस्कारवान और उच्च शिक्षा प्राप्त युवा थे। उनकी शादी का निमंत्रण पा कर त्रिपाठी परिवार के करीबी फूले नहीं समा रहे थे। प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य प्रिया शरण त्रिपाठी भी ससुर बनने की खुशियों से सराबोर थे। उनके करीबियों को जब रूपक की शादी का न्योता मिला तो उनकी भी बांछे खिल गई। कई घर – परिवारों ने तो शादी में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए कवायतें भी शुरू कर दी थी। लेकिन होनी को कुछ और मंजूर था। अचानक मोबाईल पर आई एक सूचना के बाद त्रिपाठी परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। यकीन करना मुश्किल था कि सड़क हादसे का शिकार हुए युवक उनके ही लाडले पुत्र है। एक जानकारी के मुताबिक हादसे के वक्त कार में रूपक का छोटा भाई भी सवार था। घटना कैसे हुई ? इस बारे में बताते हुए परिजनों का गला बुरी तरह से रुंध गया। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि शादी की खुशियां पल भर में ही इस तरह से मातम में बदल जाएगी। फ़िलहाल, होनी – अनहोनी के आगे हर कोई नतमस्तक है, शोक की लहर के बीच श्री त्रिपाठी के आवास पर श्रद्धांजलि देने वालो का ताँता लगा हुआ है।