हर घर तिरंगा 2025: देशभक्ति का महा उत्सव
केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने स्वतंत्रता दिवस से पहले देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा 2025’ अभियान में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक उत्सव का प्रतीक नहीं, बल्कि यह देश की एकता, गौरव और स्वतंत्रता का प्रतीक है, जिसकी पवित्रता हमेशा बरकरार रहनी चाहिए। इस अभियान का उद्देश्य लोगों में तिरंगे के प्रति जागरूकता बढ़ाना और राष्ट्रीय ध्वज संहिता के पालन को प्रोत्साहित करना है।
युवाओं की रिकॉर्ड भागीदारी
इस साल 5 लाख से ज्यादा युवाओं ने स्वयंसेवक के रूप में पंजीकरण कराया है। ये युवा देशभर में लोगों को घरों, दफ्तरों, बाजारों और स्मारकों पर तिरंगा फहराने और तिरंगे के साथ सेल्फी साझा करने के लिए प्रेरित करेंगे।
रोशनी में नहाए स्मारक
2 अगस्त से 140 प्रमुख स्मारकों पर तिरंगे की थीम पर लाइटिंग और प्रोजेक्शन मैपिंग शुरू हो चुकी है। कोणार्क सूर्य मंदिर, चंद्रगिरी किला, गुणवती मंदिर समूह और आगरा किला जैसे ऐतिहासिक स्थल तिरंगे की रोशनी में जगमगा रहे हैं, जिससे देशभर में देशभक्ति का माहौल और भी खास हो गया है।
विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला
अभियान के तहत 12 अगस्त को तिरंगा बाइक रैली भारत मंडपम से मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम तक निकलेगी। 13 अगस्त को गायक शान की प्रस्तुति के साथ तिरंगा संगीत कार्यक्रम होगा। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर दिल्ली और कोलकाता में प्रदर्शनियां और मौन मार्च आयोजित होंगे। स्कूली छात्र ऑपरेशन सिंदूर के समर्थन में सेना के जवानों को राखियां और पत्र भेज रहे हैं।
