
उत्तराखंड में एक बड़ा हादसा टल गया। यहां सड़क पर एक हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। जिस समय में ये लैंडिंग हुई उस समय हेलीकॉप्टर में कुछ लोग भी सवार थे। हालांकि वह सभी सुरक्षित है और पायलट को मामूली चोटें आई हैं। जानकारी के मुताबिक हेलीकॉप्टर श्रद्धालुओं को लेकर केदारनाथ जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर इसकी इमरजेंसी लैंडिंग हुई जिसमें श्रद्धालु बाल-बाल बच गए।
कार पर गिरा हेलीकॉप्टर का हिस्सा सड़क पर इमरजेंसी लैंडिंग के बाद हेलीकॉप्टर का पिछला हिस्सा कार पर गिर गया जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। ये लैंडिंग तकनीकी खराबी के चलते करानी पड़ी।
उत्तराखंड के एडीजी कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि रुद्रप्रयाग जिले के गुप्तकाशी में एक निजी हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी के कारण आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।