
कोण्डागांव में नौकरी की तलाश कर रहे शिक्षित युवक-युवतियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल यहां 23 जनवरी 2026, शुक्रवार को एक दिवसीय प्लेसमेंट कैम्प आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन कार्यालय जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोण्डागांव द्वारा किया जा रहा है। प्लेसमेंट कैम्प कलेक्टर परिसर में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा।
इस कैम्प के माध्यम से निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों में कुल 71 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड, कोण्डागांव में फील्ड ऑफिसर के 50 और कलेक्शन ऑफिसर के 10 पदों पर भर्ती होगी। वहीं क्वांटम व्हीकल्स प्राइवेट लिमिटेड, कोण्डागांव द्वारा मैनेजर के 1 और सेल्स एक्जीक्यूटिव के 6 पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इसके अलावा धनेश्वरी मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड, कोण्डागांव में ऑपरेटर के 2 और सेल्स एक्जीक्यूटिव के 2 पद उपलब्ध हैं।
इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं अथवा स्नातक उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की आयु सामान्यतः 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। कुछ पदों पर फ्रेशर उम्मीदवारों को मौका दिया जाएगा, जबकि कुछ के लिए 0 से 4 वर्ष का कार्य अनुभव आवश्यक रहेगा। चयनित उम्मीदवारों को 6 हजार से 20 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। कुछ पदों के लिए बाइक या स्कूटी का होना अनिवार्य है। कार्यस्थल कोण्डागांव के साथ-साथ आरंग, रायपुर, कुरूद और गरियाबंद भी हो सकते हैं।
प्लेसमेंट कैम्प में शामिल होने वाले इच्छुक युवक-युवतियों से अपील की गई है कि वे अपने सभी मूल दस्तावेज एवं उनकी छायाप्रति जैसे शैक्षणिक प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा पासपोर्ट साइज फोटो के साथ निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित हों।






