
कर्नाटक के Belagavi जिले में स्थित प्रसिद्ध Renuka Yellamma Temple में श्रद्धालुओं की आस्था का बड़ा नज़ारा देखने को मिला। मंदिर के दानपात्रों से निकली चढ़ावे की रकम की गिनती के दौरान कुल 3.07 करोड़ रुपये का दान सामने आया है। बड़ी मात्रा में नकदी और आभूषण मिलने से यह मंदिर के लिए रिकॉर्ड कलेक्शन माना जा रहा है।जानकारी के मुताबिक, 9 मार्च से 12 मार्च के बीच मंदिर परिसर में दान की गिनती की गई। इस काम में मंदिर के कर्मचारी और स्थानीय छात्र भी शामिल हुए। बड़ी मात्रा में नोट और सिक्के होने के कारण कई लोगों को घंटों तक लगातार गिनती करनी पड़ी।

मंदिर प्रबंधन के अनुसार कुल दान में से 2.78 करोड़ रुपये नकद प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा श्रद्धालुओं ने करीब 100 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत लगभग 16.16 लाख रुपये बताई जा रही है, दान में चढ़ाए। वहीं 4 किलो 547 ग्राम चांदी के आभूषण भी मिले, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 12.35 लाख रुपये है।

दान की गिनती के दौरान का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कई लोग एक साथ मेजों पर बैठकर नोटों की गिनती करते दिखाई दे रहे हैं। सिक्कों और आभूषणों की गिनती अलग-अलग की गई। वीडियो में यह भी देखा गया कि कर्मचारियों ने नोटों को तसलों में बांटकर व्यवस्थित तरीके से गिनती की।मंदिर में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और अपनी श्रद्धा के अनुसार दान अर्पित करते हैं। इस बार चढ़ावे की राशि ने नया रिकॉर्ड बना दिया है।






