कैलाश यादव /
बिलासपुर / छत्तीसगढ़ में शीतलहर का प्रकोप नए ढंग से सामने आया है | आमतौर पर ठंड के चलते कई लोग बेमौत मारे जाते है | लेकिन यहां शीतलहर और ठण्ड के चलते हत्या और आत्महत्या का मामला सामने आया है | बताया जाता है कि खराब मौसम और लगातार ठंड की वजह से पति अक्सर नहाने को लेकर आनाकानी करता था | जबकि पत्नी उसे नहलाकर ही मानती थी | इसे लेकर दोनों के बीच लगातार तकरार होती रहती | शुक्रवार को दोनों के बीच एक बार फिर जमकर विवाद हुआ | पति ने खराब मौसम का हवाला देकर नहाने से इंकार कर दिया | इस दौरान तमतमाई पत्नी ने परंपरागत तरीके से अपने पति पर शब्दबाण छोड़े | इस बार पति का सब्र जवाब दे गया | उसने घर में रखे धारदार हथियार से पत्नी पर वार कर दिया | मौके पर ही पत्नी की मौत हो गई , लेकिन पत्नी का शव देखकर जैसे ही पति का गुस्सा काफूर हुआ , उसने भी आत्महत्या कर ली | बताया जाता है कि महीने भर से पति नहाया नहीं था | इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच ऐसा गृह युद्ध छिड़ा कि दोनों परलोक सिधार गए | घटना के दौरान घर में कोई परिजन नहीं था , लिहाजा विवाद नहीं थमा | बताया जाता है कि जिस वक्त घर में कोहराम मचा था , उस वक्त बच्चे खेत खलियान में कामकाज में जुटे थे |
बिलासपुर जिले के अकलतरा स्थित ग्राम सोनादुला के वार्ड नंबर 8 सतनामी मोहल्ला में घटित इस वाकये को लेकर लोग हैरत में है | उन्हें यकीन नहीं हो रहा है कि ठंड में नहाने को लेकर विवाद इस कदर बढ़ सकता है कि हत्या और आत्महत्या जैसी घटना हो जाए | स्थानीय थाने के सब इंस्पेक्टर बीपी तिवारी के अनुसार वार्ड नंबर 8 का रहने वाला बसंत भारतद्वाज पिछले एक महीने से नहाया भी नहीं था | हाई बीपी का मरीज होने के कारण अक्सर उसे किसी भी बात पर जल्द गुस्सा भी आ जाता था | पुलिस के मुताबिक घटना से पूर्व नहाने को लेकर उसका पत्नी से संतोषी भारद्वाज से जमकर विवाद हुआ | पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को दोपहर 1 बजे लंच के दौरान पत्नी ने बसंत को नहाने के लिए एक बार फिर जमकर फटकारा था | बसंत की बेटी ने भी बयान दर्ज कराया है कि नहाने की बात को लेकर उसके माता-पिता के बीच रोजाना वाद विवाद होता था | उसके मुताबिक खेत में आकर उसकी सहेली ने उसे बताया कि उसके मम्मी, पापा जोर जोर से झगड़ रहे हैं | जानकारी मिलने पर जब वो घर गई तो अंदर कमरे में उसकी मां की लाश खून से लथपथ पड़ी थी | घर में पिता नहीं दिखाई दिए | काफी देर तक खोजबीन के बाद उनकी लाश गांव के ही एक खेत में पेड़ में लटकी हुई मिली | पोस्टमार्टम के बाद पति-पत्नी के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए है | फ़िलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है |
