
रबात, मोरक्को। भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मोरक्को की राजधानी रबात में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि ऑपरेशन सिंदूर का दूसरा और तीसरा चरण शुरू किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह कदम पूरी तरह पाकिस्तान के रवैये पर निर्भर करेगा। यदि पाकिस्तान आतंकवाद को समर्थन देता रहा, तो भारत की ओर से कड़ा जवाब दिया जाएगा।
राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को दोहराया कि ऑपरेशन सिंदूर रुका हुआ है, समाप्त नहीं। उन्होंने कहा, “क्या दूसरा चरण करना है या तीसरा, यह हम नहीं कह सकते। यह पाकिस्तान के व्यवहार पर निर्भर करेगा। अगर वे आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होंगे, तो उन्हें जवाब मिलेगा।”
उन्होंने 7 मई को पहलगाम आतंकी हमले का उल्लेख किया, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी। इसके बाद हुई उच्चस्तरीय बैठक में सेना पूरी तरह तैयार मिली और योजना प्रधानमंत्री मोदी के सामने रखी गई। प्रधानमंत्री ने सेना को पूरी छूट दी, जिससे ऑपरेशन की तैयारी सुनिश्चित हुई।
रक्षा मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत की कार्रवाई धर्म नहीं, बल्कि कर्म के आधार पर होती है। ऑपरेशन सिंदूर में किसी भी नागरिक या सैन्य प्रतिष्ठान को निशाना नहीं बनाया गया। केवल आतंकियों को ही टारगेट किया गया। उन्होंने कहा कि भारत में हर धर्म के लोगों को समान अधिकार हैं और किसी आधार पर भेदभाव नहीं किया जाता।
यह दौरा ऐतिहासिक है क्योंकि राजनाथ सिंह मोरक्को आने वाले पहले भारतीय रक्षा मंत्री बने। उनका स्वागत कैसाब्लांका मोहम्मद वी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मोरक्को की सैन्य कमान प्रमुख वली और भारतीय राजदूत संजय राणा ने किया। भारतीय समुदाय ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।